• Sat. Aug 8th, 2026

भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ का स्थापना दिवस एवं त्रैवार्षिक अधिवेशन संपन्न, राकेश जैन बने जिला अध्यक्ष

Byumakant mishra

Aug 8, 2026

बिलासपुर :— भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, जिला बिलासपुर के तत्वावधान में स्थापना दिवस समारोह एवं त्रैवार्षिक अधिवेशन का आयोजन रीति रिवाज रेस्टोरेंट, कच्छवाहा कॉम्प्लेक्स, सीपत चौक, सरकंडा, बिलासपुर में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पेंशनर प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने सहभागिता कर संगठन की एकजुटता का परिचय दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने अपने संबोधन में संगठन की स्थापना से लेकर अब तक की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ ने पेंशनरों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष किया है, जिसके परिणामस्वरूप अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं। उन्होंने विशेष रूप से पेंशनरों की महंगाई राहत (डीआर), चिकित्सा सुविधाओं, पेंशन संबंधी समस्याओं के निराकरण तथा शासन स्तर पर पेंशनरों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने में महासंघ की भूमिका का उल्लेख किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महासंघ की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष द्रौपदी यादव ने की। उन्होंने संगठन की एकता को सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि संगठित प्रयासों से ही पेंशनरों की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी तथा राष्ट्रीय संगठन मंत्री टी.पी. सिंह उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने भी संगठन के विस्तार एवं पेंशनरों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

अधिवेशन के दौरान भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, जिला बिलासपुर की नई कार्यकारिणी के गठन हेतु निर्वाचन संपन्न कराया गया। निर्वाचन अधिकारी द्वारा सर्वसम्मति से राकेश जैन को जिला अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। उनके निर्वाचन पर उपस्थित सभी प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

अपने संक्षिप्त उद्बोधन में नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष राकेश जैन ने संगठन द्वारा उन पर व्यक्त विश्वास के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि वे संगठन की गरिमा, एकता तथा पेंशनरों के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

कार्यक्रम में कुंती राणा एवं अवधेश सिंह को जिला महासंघ मेंअधिक सदस्य जोड़ने पर प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। बैठकों उपस्थिति एवं सक्रियता के लिए अंचल बाजपेई , उषा जायसवाल एवं जसोमति भगत को प्रतीक चिन्ह से सम्मानित किया गया। एस एस कुशवाहा को कार्यक्रम में सहयोग हेतु प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया,अन्य जिलों से आए अध्यक्ष एवं उपस्थित अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में सात नए सदस्यों ने आजीवन सदस्यतग्रहण किया उनका स्वागत अभिनंदन हुआ। कार्यक्रम का संचालन जे एन सिंह द्वारा किया गया।

राजेन्द्र कश्यप संभागीय अध्यक्ष ने आभार एवं कार्यक्रम का समापन संगठन की मजबूती, पेंशनरों के अधिकारों की रक्षा तथा भविष्य में जनहित एवं पेंशनर हित से जुड़े कार्यक्रमों को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने और पेंशनरों की लंबित मांगों के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

umakant mishra

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *