• Sun. Aug 9th, 2026

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए बिलासपुर में व्यापक तैयारियां 14 जून को ऑनलाइन योग सत्र एवं 21 जून को होंगे सामूहिक आयोजन

Byumakant mishra

Jun 12, 2026

बिलासपुर :—  अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन हेतु जिला प्रशासन बिलासपुर द्वारा व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” निर्धारित की गई है। इसी क्रम में जिले के सभी शासकीय विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, स्थानीय निकायों एवं सामाजिक संगठनों से अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। इस वर्ष की थीम स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली में योग की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है।

 

कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने जिले वासियों से अपील करते हुए कहा है कि योग केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने सभी विभागों, संस्थाओं, विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से योग दिवस के आयोजनों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार 14 जून 2026 को प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से बड़े स्तर पर जनभागीदारी के साथ विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने का प्रयास भी किया जाएगा।वोयोग सत्र में भाग लेने के इच्छुक नागरिक टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी विभागों एवं संस्थाओं से इस संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिकाधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए हैं।

 

इसके अलावा 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिलेभर में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिले का मुख्य कार्यक्रम बहतराई स्थित खेल स्टेडियम में होगा। आयुष मंत्रालय द्वारा विकसित योग संगम पोर्टल पर शासकीय, अशासकीय, शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाएं अपने आयोजनों का पंजीयन कर सकते हैं तथा कार्यक्रम उपरांत विवरण एवं फोटोग्राफ भी अपलोड कर सकते हैं। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए सभी संस्थाएं और नागरिक मिलकर कार्य करें, ताकि बिलासपुर जिले की सहभागिता राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर एक उदाहरण बन सके। 14 जून के ऑनलाइन योग सत्र से लेकर 21 जून के मुख्य कार्यक्रम तक योग के प्रति जागरूकता और सहभागिता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

umakant mishra

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *