• Sat. Apr 11th, 2026

हर आंगन में हरियाली : एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ 50 हजार आवास हितग्राहियों के परिसरों में लगाए गए एक लाख से अधिक पौधे

Byumakant mishra

Jul 6, 2025

बिलासपुर // हर आंगन में हरियाली लाने ‘‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’’ वृक्षारोपण महाअभियान के तहत मुंगेली जिले के ग्राम लोहड़िया और रामपुर में पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने अभिनव पहल की गई। वहां प्रधानमंत्री आवास योजना के 50 हजार हितग्राहियों के निवास परिसरों में एक लाख से अधिक पौधे रोपे गए। यह अनूठा और भावनात्मक अभियान न केवल हरियाली बढ़ाने की पहल है, बल्कि माताओं के प्रति गहरा सम्मान भी है।

 

इस अभिनव पहल को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया। इस महाअभियान का जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम मुंगेली विकासखंड के ग्राम लोहड़िया और रामपुर स्थित महात्मा गांधी आक्सीजोन परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आम के पौधे का रोपण कर जल और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री श्रीकांत पाण्डेय, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार और जिला पंचायत के सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय ने भी आम के पौधे का रोपण कर पर्यावरण के संरक्षण का संदेश दिया।

 

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी को व्यक्त करता है, बल्कि प्रकृति से भावनात्मक जुड़ाव का भी प्रतीक है। जिले में इस वृक्षारोपण अभियान के तहत एक लाख से ज्यादा पौधे का रोपण कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया है, जिससे यह गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल हो गया है, इसके लिए आप सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों का जीवन स्वस्थ और सुखद हो, इसके लिए पौधे लगाना अति आवश्यक है। वृक्षारोपण का यह क्रम टूटना नहीं चाहिए, पर्यावरण संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी है।

 

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने घटते जलस्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए जल संरक्षण के लिए ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने और वर्षा जल संरक्षण के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने रामपुर में सी.सी. रोड निर्माण के लिए 20 लाख रुपए की घोषणा की।

 

विधायक श्री पुन्नू लाल मोहले ने वृक्षारोपण अभियान के लिए मुंगेली जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया। उन्होंने पर्यावरण के संरक्षण और इसे हरा-भरा बनाए रखने के लिए पेड़ लगाने को प्रोत्साहित किया। साथ ही गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज होने के लिए जिला प्रशासन की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

 

मुंगेली जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर, जिला पंचायत सदस्य श्री उमाशंकर साहू, श्री पवन पाण्डेय और जनद पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती पुष्पलता पदमिनी मोहले सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और ग्रामीण बड़ी संख्या में कार्यक्रम में मौजूद थे।

umakant mishra

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed