– पुलिस की सक्रिय पहल, सड़कों पर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम
बिलासपुर। शहर में बढ़ते ट्रैफिक और आकस्मिक जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात पुलिस बिलासपुर ने एक महत्वपूर्ण और सक्रिय पहल करते हुए “क्विक रिस्पांस टीम” (तत्काल प्रतिक्रिया समूह) का गठन किया है। यह टीम शहर के किसी भी हिस्से में अनायास या आकस्मिक आवागमन बाधित होने पर तुरंत मौके पर पहुंचेगी और यातायात व्यवस्था को सुचारू करेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में गठित इस 12 सदस्यीय टीम को जिला यातायात मुख्यालय से नियंत्रित किया जा रहा है। यह टीम चौक-चौराहों, पुलों और मुख्य मार्गों पर उत्पन्न ट्रैफिक दबाव की स्थिति में त्वरित कार्रवाई कर यातायात को बहाल करने का कार्य करेगी।
विशेष अभियान: ब्रेकडाउन बस को हटाकर मार्ग किया सुचारू
आज दोपहर लगभग 11:30 बजे इंदिरा पुल पर भोलेनाथ बस के अचानक ब्रेकडाउन हो जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। मौके पर पहुंची “क्विक रिस्पांस टीम” ने तत्काल बस को धक्का देकर महामाया चौक के पास सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कर दिया, जिससे यातायात पुनः बहाल हो सका।
शहर के प्रमुख बॉटल नेक प्वाइंट्स चिन्हित
शहर में ट्रैफिक जाम की सबसे ज्यादा समस्या इंदिरा सेतु, रामसेतु, उस्लापुर ब्रिज, और महाराणा प्रताप ब्रिज पर देखी जाती है, खासकर सुबह 10 से 11 और शाम 4 से रात 8 बजे के बीच। इसी को ध्यान में रखते हुए यह टीम उन स्थानों पर विशेष निगरानी रखेगी।
टीम में ये अधिकारी शामिल
टीम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे, उप निरीक्षक आदित्य सिंह, प्रधान आरक्षक दीपक घोष, शैलेन्द्र सिंह, उदय राम, धन सिंह, आरक्षक रोशन खेस, भुनेश्वर मरावी, राज श्रीवास, रोहित साहू, धनराज, कुशल साहू, मंगलू राम, सौरभ चौबे, सुशील ध्रुव, हरवंश पटेल सहित अन्य यातायात बल शामिल हैं।
आम जनता से अपील
यातायात पुलिस बिलासपुर ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, अनावश्यक रूप से गाड़ी को विपरीत दिशा में ना ले जाएं और जाम की स्थिति में धैर्य बनाए रखें। किसी भी आवागमन बाधा की स्थिति में यातायात पुलिस को तुरंत सूचित करें।
यह पहल शहर में सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध आवागमन को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।